दीवानगंज के भोपाल–विदिशा स्टेट हाईवे 18 पर स्थित मध्य भारत फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं के कारण आसपास के आठ किसानों की गेहूं और चने की फसल को नुकसान होने का मामला सामने आया है। प्रभावित किसानों का आरोप है कि फैक्ट्री से निकलने वाला धुआं उनकी फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है, जिससे पैदावार प्रभावित हुई है।

मामले को लेकर ग्रामीणों ने पिछले मंगलवार को अपर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए अपर कलेक्टर ने कृषि वैज्ञानिकों से मौके पर जाकर जांच कराने और रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

बुधवार को कृषि वैज्ञानिकों की टीम दीवानगंज पहुंची और किसानों की फसलों का निरीक्षण किया। टीम ने खेतों में जाकर गेहूं और चने की फसल की स्थिति का अवलोकन किया तथा आवश्यक नमूने भी एकत्र किए। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

फिलहाल किसान जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।