शहडोल।
जिले के अंतिम छोर पपौंध क्षेत्र की ग्राम पंचायत निपनिया में भ्रष्टाचार का बड़ा खेल सामने आया है। यहां सरपंच-सचिव पर सरकारी राशि का खुला दुरुपयोग करने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। आरोप है कि निजी जमीन पर शासकीय पैसा बहाकर रंगमंच और पुलिया का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि नियमों को पूरी तरह ताक पर रख दिया गया है।
निर्माण कार्य में जिस रेत और गिट्टी का इस्तेमाल हो रहा है, वह पूरी तरह घटिया और गुणवत्ता विहीन है। रेत में मिट्टी और पत्थरों की भरमार है, वहीं गिट्टी में भी भारी मिलावट बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि पंचायत इंजीनियर ने मौके पर पहुंचकर सामग्री को खराब बताते हुए साफ तौर पर इस रेत और गिट्टी से काम नहीं कराने की बात कही थी।
इसके बावजूद निर्माण कार्य धड़ल्ले से जारी है। आरोप है कि सरपंच-सचिव की मिलीभगत और संरक्षण में सरकारी पैसे से भ्रष्टाचार की इमारत खड़ी की जा रही है। ग्रामीणों ने विरोध भी किया, लेकिन उनकी आवाज जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचकर भी दबा दी गई।
अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या जनपद सीईओ और जिला पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस पूरे खेल पर नहीं पड़ रही, या फिर कमीशन के दम पर पूरा भ्रष्टाचार संरक्षित किया जा रहा है।
अगर समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो लाखों की सरकारी राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाएगी। अब देखना होगा कि प्रशासन दोषियों पर कार्रवाई करता है या फिर निपनिया में भ्रष्टाचार का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।
Continue With Google
Comments (0)