कुख्यात बदमाश छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे गिरफ्तार, पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस जब्त

 

जबलपुर पुलिस ने संगठित अपराधों से जुड़े कुख्यात बदमाश छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच और थाना मदनमहल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से एक पिस्टल, 6 जिंदा कारतूस और 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

 

पुलिस के अनुसार, आरोपी सुयश चौबे पिता चंद्रशेखर चौबे, उम्र 32 वर्ष, निवासी स्नेहनगर मदनमहल, कई आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था। पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में फरार आरोपियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह, उप पुलिस अधीक्षक अपराध उदयभान बागरी और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रितेश कुमार शिव के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

 

थाना प्रभारी मदनमहल धीरज राज के अनुसार, 10 जून 2026 को क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि छोटू उर्फ सुयश चौबे फायर आर्म्स पिस्टल के साथ मदनमहल क्षेत्र स्थित अपने किराए के मकान में मौजूद है। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और क्राइम ब्रांच व मदनमहल पुलिस की संयुक्त टीम ने स्नेहनगर स्थित मकान पर दबिश दी।

 

दबिश के दौरान पुलिस ने आरोपी छोटू चौबे को हिरासत में लेकर पिस्टल के संबंध में पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही पर कमरे में रखी टेबल की दराज से एक पिस्टल बरामद की गई। जांच में पिस्टल की मैगजीन में 6 जिंदा कारतूस लोड मिले। इसके अलावा आरोपी के पास से एक आईफोन और एक अन्य मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मदनमहल में अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पुलिस के मुताबिक, आरोपी छोटू चौबे के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, बलवा, अवैध वसूली, आर्म्स एक्ट, घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ जैसे कुल 31 संगीन अपराध दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और हथियारों के स्रोत की जानकारी जुटाने में लगी है।

 

इस गिरफ्तारी को जबलपुर पुलिस संगठित अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मान रही है।