एक अप्रैल से पुलिस के लिए हेलमेट अनिवार्य, एसपी के निर्देश, कहा-उल्लंघन मिलने पर कटेगा चालान
नागलवाड़ी थाने का निरीक्षण किया, कहा- पुलिस स्वयं यातायात नियमों का पालन कर उदाहरण करे प्रस्तुत
बड़वानी जिले में पुलिस के लिए अनिवार्य होगा हेलमेट उपयोग
बड़वानी-जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन के साथ. साथ पुलिस कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसपी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। सुरक्षित यातायात न केवल नियमों का पालन है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन की रक्षा का संकल्प भी है। एसपी शुक्ल ने जिले के नागलवाड़ी थाने का भ्रमण किया। इस दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारी, कर्मचारियों को हेलमेट वितरित किए। एसपी ने निर्देशित किया कि 1 अप्रैल से जिले में प्रत्येक पुलिसकर्मी बाइक चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट का उपयोग करेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस स्वयं नियमों का पालन कर समाज के लिए उदाहरण प्रस्तुत करें, तभी सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन का रूप दिया जा सकता है। एसपी ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे आमजन के बीच पहुंचकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाएं और हेलमेट के उपयोग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करें। वहीं एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यह निर्देश पुलिस के साथ ही जेल के अधिकारी-कर्मचारी और होमगार्ड विभाग पर भी लागू होगा।
*आमजन से भी की अपील*
वहीं एसपी शुक्ल ने जिले के आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। वाहन चलाते समय सतर्कता बरतें तथा सुरक्षा ही जीवन है के संदेश को अपनाते हुए स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करें। जिला पुलिस सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन का रूप देने और जिम्मेदार यातायात संस्कृति विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Continue With Google
Comments (0)