बड़वानी। पुलिस द्वारा न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में, बल्कि मानवीय संवेदनाओं के साथ आमजन की सेवा में भी निरंतर उत्कृष्ट कार्य किए जा रहे हैं। हाल ही में पुलिस कर्मियों द्वारा किए गए दो सराहनीय कार्य पुलिस के सेवा एवं समर्पण भाव को दर्शाते हैं। ऐसे ही उदाहरण प्रस्तुत करने वाले पुलिस कर्मियों को मंगलवार को एसपी पद्म विलोचन शुक्ल ने सम्मानित किया। दरअसल दो दिन पूर्व ग्राम पलवट में एक असहाय महिला के निधन की सूचना प्राप्त होने पर कोतवाली पुलिस के उप निरीक्षक कमल मोरे, प्रधान आरक्षक देवी सिंह मंडलोई, प्रधान आरक्षक अनार सिंह चौहान, आरक्षक दीपक देवलिया और खड़क सिंह मुवेल मौके पर पहुंचे थे और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महिला के पार्थिव शरीर को वाहन में रखवाने से लेकर वाहन किराया तक की व्यवस्था स्वयं की। साथ ही महिला के चार छोटे बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था भी पुलिसकर्मियों द्वारा आपस में राशि एकत्रित कर की गई। उक्त टीम द्वारा संपूर्ण सहयोग प्रदान करते हुए शव को अंतिम संस्कार हेतु रवाना किया
गया। इसी तरह सोमवार को यातायात थाना पुलिस द्वारा कसरावद स्थित नर्मदा नदी पुल पर वाहन चेकिंग के दौरान पुल से कूदने की कोशिश करने वाले वृद्ध की जान बचाई और समझाइश देकर परिजनों के सुपुर्द किया। उक्त दोनों मामलों में उत्कृष्ट
कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को एसपी कार्यालय में सम्मानित किया। इस दौरान एएसपी धीरज बब्बर, डीएसपी महिला सुरक्षा महेश सुनैया, रक्षित निरीक्षक चेतन बघेल, शहर थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर पुलिस कर्मियों का सम्मान
बड़वानी। आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एसपी पद्म विलोचन शुक्ल ने मंगलवार को एसपी कार्यालय में पदस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मेडल लगाकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण भाव से कार्य करने हेतु प्रेरित किया। एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग की जिम्मेदारी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि जनता के बीच विश्वास कायम करना भी है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से अपेक्षा की कि वे अपनी सेवाएं ईमानदारी और निष्ठा के साथ प्रदान करें और विभाग की गरिमा को बनाए रखें।

Continue With Google
Comments (0)