रीवा: संजय गांधी अस्पताल की बदहाल व्यवस्था का वीडियो वायरल

हाथ में ग्लूकोज, कंधों पर जिंदगी: विंध्य के सबसे बड़े संजय गांधी अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है।

रीवा के संजय गांधी अस्पताल जो कि 1000 बिस्तरों की क्षमता वाला है, उसकी चिकित्सा सेवाओं पर एक वायरल वीडियो ने सवालिया निशान लगा दिए हैं। वीडियो में एक युवक को अपने बुजुर्ग परिजन को कंधों पर उठाकर एक विभाग से दूसरे विभाग तक ले जाते हुए देखा जा सकता है। हैरानी की बात यह है कि मरीज के शरीर में चढ़ रही ग्लूकोज की बोतल किसी स्टैंड पर नहीं, बल्कि युवक के हाथ में दिखाई दे रही है।

बताया जा रहा है कि बुजुर्ग मरीज को इलाज के लिए विभागीय जांच के दौरान ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल की ओर से स्ट्रेचर, वार्ड बॉय या अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध नहीं हो सकी। मजबूरन परिजन को मरीज को कंधे पर उठाकर और हाथ में ग्लूकोज की बोतल पकड़कर ले जाना पड़ा। इस दृश्य को किसी ने मोबाइल पर रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके पश्चात यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया।

  • परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।
  • मरीजों और उनके परिजनों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है।

वायरल वीडियो ने अस्पताल की मरीज सहायता व्यवस्था, वार्ड बॉय की उपलब्धता, और स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है और सभी तथ्य सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

बाइट: अस्पताल अधीक्षक राहुल मिश्रा