खकनार
शनि मंदिर धाम में भव्य भंडारे का आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था
ग्राम स्थित पावन शनि मंदिर धाम में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य भंडारे एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर न केवल ग्रामवासी, बल्कि आसपास के अनेक गांवों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल हवन-पूजन के साथ हुआ, जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर समस्त क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की गई। इसके उपरांत ठीक प्रातः 11:00 बजे से महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन प्रारंभ किया गया, जिसमें डोईफोडिया, सायर, नायर, मातापुर, लालबडली, ताजनापुर सहित आसपास के अनेक गांवों से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
उल्लेखनीय है कि शनि मंदिर धाम में विगत 17 वर्षों से स्थापना दिवस के अवसर पर निरंतर भंडारा एवं पूजन का आयोजन परंपरागत रूप से किया जा रहा है। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक एकता, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक बन चुका है।
मंदिर के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था स्पष्ट रूप से देखने को मिलती है। प्रत्येक शनिवार को यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है, जो शनि देव के दर्शन कर पूजा-अर्चना करते हैं तथा प्रसादी ग्रहण कर अपने जीवन में सुख-शांति की कामना करते हैं।
शनि मंदिर धाम न केवल एक धार्मिक केंद्र के रूप में स्थापित हो चुका है, बल्कि यह क्षेत्रीय आस्था, विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।

Continue With Google
Comments (0)