गाडरवारा: इंद्रा कॉलोनी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में हुए विवाद के बाद छोटे भाई की हत्या कर दी गई। घटना रविवार रात करीब 2:00 बजे की है, जिसमें शैलेष उर्फ शैलेन्द्र उर्फ तेजराम धानक ने अपने छोटे भाई राकेश धानक पर फावड़े से हमला कर उसकी जान ले ली।

सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। हालांकि, आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था।

पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा ने तुरंत जांच टीम का गठन किया और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सघन प्रयास जारी किए गए।

सूचना के आधार पर यह पता चला कि आरोपी फरार होने की फिराक में था और इस समय गाडरवारा रेलवे स्टेशन पर छिपा हुआ था। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने प्रभावी घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस घटना ने इंद्रा कॉलोनी में हड़कंप मचा दिया है और पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है।