शहडोल।
शहडोल जिले के अंतिम छोर स्थित शासकीय हाई स्कूल सकंदी में वरिष्ठ शिक्षक जयकरण शुक्ला के सेवानिवृत्त होने पर भव्य एवं भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से सम्मान करते हुए भावभीनी विदाई दी।
जयकरण शुक्ला ने 27 फरवरी 1989 को इसी विद्यालय से अपनी शासकीय सेवा की शुरुआत की थी और 31 जुलाई 2026 को लगभग 37 वर्ष 9 माह 12 दिन की गौरवपूर्ण सेवा पूरी कर इसी विद्यालय से सेवानिवृत्त हुए। एक ही संस्था में नियुक्त होकर उसी संस्था से सेवानिवृत्त होना अपने आप में एक मिसाल माना जा रहा है।
समारोह के दौरान विद्यालय के समस्त स्टाफ ने शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर उनका सम्मान किया। छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, विदाई गीत और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। अपने प्रिय शिक्षक के प्रति विद्यार्थियों का स्नेह देखते ही बन रहा था। विदाई के क्षणों में शिक्षक, छात्र-छात्राएं और विद्यालय का पूरा स्टाफ भावुक हो गया तथा कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
अपने संबोधन के दौरान जयकरण शुक्ला भी भावनाओं को रोक नहीं सके। उन्होंने विद्यालय में बिताए अपने 37 वर्षों के अनुभव साझा किए और कहा कि यह विद्यालय उनके लिए केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि परिवार रहा है। बोलते -बोलते उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े, जिससे समारोह का माहौल और भी भावुक हो गया।
उपस्थित सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनके उत्कृष्ट योगदान को नमन करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं।
Continue With Google
Comments (0)