बल्देवगढ़। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा मध्यप्रदेश, ब्लॉक बल्देवगढ़ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एकजुटता दिखाते हुए मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश के नाम पूर्व मंत्री राहुल सिंह लोधी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों ने टीईटी परीक्षा के आदेश पर कड़ा विरोध जताते हुए इसे निरस्त करने तथा न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दायर कराने की मांग की है।

ब्लॉक संयोजक राजेश कुमार चौरसिया के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में बताया गया कि अध्यापक शिक्षक संवर्ग लंबे समय से अपनी सेवा संबंधी समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। इससे शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी टीईटी परीक्षा संबंधी आदेश अध्यापक शिक्षकों के हितों के विपरीत है, जिसे तत्काल निरस्त किया जाना आवश्यक है। साथ ही, इस मामले में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा माननीय सर्वोच्च न्यायालय में पुनर्विचार याचिका दायर कर शिक्षकों को राहत दिलाई जाए।

इसके अतिरिक्त, अध्यापक शिक्षक संवर्ग की पुरानी मांगों को दोहराते हुए कहा गया कि शिक्षकों की प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा अवधि की गणना की जाए तथा उन्हें पेंशन, ग्रेच्युटी और अवकाश नगदीकरण जैसे महत्वपूर्ण लाभ प्रदान किए जाएं।

मोर्चा पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।