देवोत्थान एकादशी पर हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता से निकली भव्य प्रभातफेरी, जगह-जगह पुष्पवर्षा एवं रंगोलियों से हुआ स्वागत, सहस्रों दीपकों से आरती और देव जागरण के साथ हुआ समापन
अशोकनगर। देवोत्थान एकादशी के पावन अवसर पर अशोकनगर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अक्षरपीठ के तत्वावधान में पूज्य पं. कैलाशपति जी के नेतृत्व में भव्य मंगल प्रभातफेरी का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। लगभग 35 वर्षों से निरंतर चली आ रही इस अनूठी धार्मिक परंपरा ने एक बार फिर पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
आज के दौर में जहां आधुनिकता की चकाचौंध के बीच औपचारिकताएं ही शेष रह जाती हैं, वहीं अशोकनगर की यह मंगल प्रभातफेरी आज भी विशुद्ध भक्ति, श्रद्धा और धार्मिकता का जीवंत पर्याय बनी हुई है। इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता सनातन परंपरा की एकरूपता, अनुशासन और निर्धारित समय पर ईश्वर की सामूहिक आराधना है। पिछले 35 वर्षों से यह आध्यात्मिक क्रम अनवरत जारी है, जो अपने आप में अनुकरणीय है।
प्रभातफेरी में हजारों की संख्या में माताओं-बहनों, युवाओं एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रभातफेरी का विशाल स्वरूप, श्रद्धालुओं की अपार भीड़, पारंपरिक वेशभूषा तथा भजन-कीर्तन से गुंजायमान वातावरण आयोजन की भव्यता और आध्यात्मिक गरिमा को प्रदर्शित कर रहा था।
प्रभातफेरी के मार्ग में नगरवासियों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर एवं आकर्षक रंगोलियां बनाकर श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया गया। विभिन्न स्थानों पर हुए इन स्वागत आयोजनों ने प्रभातफेरी की भव्यता में चार चांद लगा दिए। नगरवासियों ने पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव से सहभागिता करते हुए इस आयोजन को सामूहिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का उत्सव बना दिया।
विशेष रूप से मातृशक्ति की बड़ी संख्या में सहभागिता ने इस आयोजन को विशिष्ट पहचान प्रदान की। पूरे आयोजन के दौरान नगर में धर्म, संस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
सहस्रों दीपकों की आरती और देव जागरण के साथ हुआ समापन
मंगल प्रभातफेरी के समापन अवसर पर माधव भवन प्रांगण में अत्यंत भव्य एवं भक्तिमय धार्मिक आयोजन हुआ। यहां श्री गिरधरलाल जी की सहस्रों दीपकों से भव्य आरती उतारी गई। इसके पश्चात पूज्य पं. कैलाशपति जी के मुखारविंद से देव प्रबोधन मंत्रों द्वारा देव जागरण की विधि संपन्न कराई गई। संपूर्ण वातावरण दीपों की दिव्यता, मंत्रोच्चार और श्रद्धालुओं की भक्ति से आलोकित हो उठा। अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
उल्लेखनीय है कि अशोकनगर की यह मंगल प्रभातफेरी मध्यप्रदेश में अपने विशिष्ट स्वरूप के लिए विशेष पहचान रखती है। लगभग साढ़े तीन दशकों से निरंतर आयोजित हो रही यह परंपरा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, सामूहिक साधना, अनुशासन और सामाजिक एकात्मता की सशक्त अभिव्यक्ति बन चुकी है।
अक्षरपीठ एवं पूज्य पं. कैलाशपति जी के नेतृत्व में निरंतर आगे बढ़ रही यह मंगल प्रभातफेरी आने वाली पीढ़ियों को भी अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का प्रेरणादायी कार्य कर रही है। आधुनिकता के इस दौर में 35 वर्षों से एक ही श्रद्धा, एक ही अनुशासन और एक ही भाव से ईश्वर की आराधना का यह क्रम अशोकनगर की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान बन चुका है।
अंत में अक्षरपीठ के अध्यक्ष कुमारसम्भव द्वारा उपस्थित श्रद्धालु एवं समस्त सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
Continue With Google