कनवाड़ा में अवैध शराब के बड़े भंडारण का खुलासा, आबकारी विभाग ने जब्त की 5.35 लाख रुपये की शराब
कलेक्टर के निर्देश पर मुखबिर की सूचना से बड़ी कार्रवाई, भूरू भंगड़ा के यहां मिली बीयर और व्हिस्की की खेप
अलीराजपुर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जोबट सबडिवीजन क्षेत्र के कनवाड़ा में करीब 5 लाख 35 हजार रुपये मूल्य की शराब जब्त की है। कलेक्टर के निर्देश पर मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने भूरू भंगड़ा के यहां दबिश देकर शराब की बड़ी खेप बरामद की। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग को कनवाड़ा में अवैध शराब के भंडारण की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान माउंट्स गोवा, लंदन प्राइड बीयर तथा बैकपाइपर व्हिस्की की बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई। जब्त शराब का अनुमानित मूल्य 5.35 लाख रुपये बताया गया है।
आबकारी विभाग की टीम ने निभाई अहम भूमिका
कलेक्टर के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में DFO राधेश्याम राय, गंभीर वास्कले, जय श्री त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल हितेंद्र सिंह चावड़ा, अमानुल्लाह खान, प्रवीण चौहान, मनीष भेड़िया, कालू सिंह बघेल एवं आयुष रावत सहित विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब का कारोबार बना चिंता का विषय
जोबट एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री और भंडारण को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं। कनवाड़ा में लाखों रुपये की शराब जब्त होना इस कारोबार की गंभीरता की ओर ध्यान आकर्षित करता है।
अब सवाल यह है कि ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की आपूर्ति का स्रोत क्या है और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं? क्या विभाग इस नेटवर्क की तह तक पहुंचकर अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई करेगा?
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि आबकारी विभाग कनवाड़ा की इस कार्रवाई को आगे भी जारी रखते हुए जोबट सबडिवीजन के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी सख्त निगरानी और कार्रवाई करेगा, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
Continue With Google