आलोट/बरखेड़ाकला। रतलाम जिले के आलोट अनुभाग में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार प्रभावी होता नजर आ रहा है। एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में बरखेड़ाकला पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15.51 लाख रुपये मूल्य की 147 ग्राम एमडी (एमडीएमए), 2 किलो 104 ग्राम डोडाचूरा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बरखेड़ाकला के नेतृत्व में चंबल पुलिया क्षेत्र में वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में अवैध मादक पदार्थ मिलने पर दोनों युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री में 147 ग्राम एमडी, जिसकी अनुमानित कीमत 14.70 लाख रुपये, 2 किलो 104 ग्राम डोडाचूरा जिसकी कीमत 31,560 रुपये तथा सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-14-MZ-7586) शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरमान पिता अनवर खान (22 वर्ष), निवासी लछाखेड़ी, जिला मंदसौर तथा अवाज पिता अकबर खान (25 वर्ष), निवासी काजलीखेड़ा, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। दोनों के विरुद्ध थाना बरखेड़ाकला में अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 एवं 22 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

एसडीओपी पल्लवी गौर की रणनीति से लगातार सफल हो रहा अभियान

आलोट अनुभाग में एसडीओपी पल्लवी गौर के नेतृत्व में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में एमडी ड्रग्स, डोडाचूरा और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में पुलिस को लगातार सफलता मिली है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

कार्रवाई में निरीक्षक प्रतिभा डावर सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।