जहरीली शराब के खतरे के बीच अलीराजपुर में आबकारी-पुलिस का शिकंजा, 7 प्रकरण दर्ज

नानपुर, अजंदा और खरपाई में तड़के दबिश; 172 बल्क लीटर अवैध मदिरा और 200 किलो महुआ लहान जब्त, निर्माण सामग्री नष्ट


रिपोर्टर : मुस्तकीम मुगल

आलीराजपुर, 12 सितंबर 2026। सागर में सामने आए जहरीली शराब प्रकरण के बाद अलीराजपुर जिले में भी अवैध एवं जहरीली मदिरा के खिलाफ आबकारी और पुलिस विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। आबकारी आयुक्त के विशेष निर्देश एवं कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर के आदेश के बाद जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।इसी अभियान के तहत शनिवार तड़के नानपुर, अजंदा एवं खरपाई क्षेत्र में आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध ताड़ी एवं हाथ भट्ठी मदिरा बरामद की गई। मामले में कुल 7 प्रकरण दर्ज किए गए।

नानपुर क्षेत्र में 4 प्रकरण

नानपुर क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 4 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। टीम ने मौके से 132 लीटर ताड़ी और 40 लीटर हाथ भट्ठी मदिरा, कुल 172 बल्क लीटर मदिरा जब्त की। इसके अलावा 200 किलोग्राम महुआ लहान एवं मदिरा निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री को नष्ट किया गया।

भाभरा वृत्त में भी कार्रवाई

वहीं वृत्त भाभरा क्षेत्र में की गई कार्रवाई में 3 प्रकरण दर्ज किए गए। इन मामलों में 4.32 बल्क लीटर व्हिस्की, 6 बल्क लीटर बीयर और 12 लीटर हाथ भट्ठी मदिरा जब्त की गई।आबकारी विभाग के अनुसार जिले में अवैध एवं जहरीली मदिरा के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।