आलोट। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में थाना बरखेड़ाकलां क्षेत्र में जनसहयोग की एक अनुकरणीय पहल सामने आई है। आलोट एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन एवं बरखेड़ाकलां थाना प्रभारी पातीराम डावरे के नेतृत्व में पुलिस और ग्राम पंचायतों के बेहतर समन्वय से ग्राम मोरिया और बरखेड़ाकलां में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी सीधे थाना बरखेड़ाकलां से की जाएगी, जिससे कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल नजर रखी जा सकेगी।

ग्राम मोरिया के सरपंच पर्वत सिंह यादव द्वारा बस स्टैंड पर चार सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से देवगढ़, रजला, कालाखेड़ी, छिपावरा, हरियाखेड़ा एवं बरखेड़ाकलां की ओर आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सतत निगरानी रखी जाएगी। इससे संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई करना आसान होगा।

वहीं ग्राम बरखेड़ाकलां के सरपंच शांतिलाल पाटीदार द्वारा आठ सीसीटीवी कैमरे अंबेडकर चौराहा, दुग्ध डेयरी, बीच बाजार गली, मेन रोड आलोट तथा कारगिल चौराहा सहित प्रमुख स्थानों पर लगाए गए हैं। इन कैमरों से बाजार और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा अपराधों की रोकथाम में पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

थाना बरखेड़ाकलां पुलिस द्वारा सभी कैमरों की मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी। यह व्यवस्था न केवल अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाएगी, बल्कि आमजन में सुरक्षा का विश्वास भी बढ़ाएगी।

एसडीओपी पल्लवी गौर ने कहा कि आधुनिक तकनीक और जनसहयोग के समन्वय से अपराधों की रोकथाम अधिक प्रभावी बनती है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

थाना बरखेड़ाकलां पुलिस ने इस जनहितैषी पहल के लिए ग्राम मोरिया के सरपंच पर्वत सिंह यादव एवं ग्राम बरखेड़ाकलां के सरपंच शांतिलाल पाटीदार का आभार व्यक्त किया। थाना प्रभारी पातीराम डावरे ने कहा कि पुलिस और समाज की साझेदारी से ही सुरक्षित, जागरूक और अपराधमुक्त क्षेत्र का निर्माण संभव है। स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।