चलते ट्रक में लगी आग, बाल-बाल बचे चालक, परिचालक

रमनपुर घाटी के पास बीती रात हुआ हादसा, अनार लेकर नासिक से बनारस जा रहा था ट्रक

जबलपुर-नागपुर रोड पर बंजारी के समीप रमनपुर घाटी में बीती रात एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। नगर निगम मुख्यालय से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ट्रक मालिक प्रणव द्विवेदी ने बताया कि ट्रक क्रमांक एमपी-20-एचबी-6764 से चालक सुशील कुमार साकेत और परिचालक सुरेश साकेत नासिक से अनार लोड कर बनारस की ओर जा रहे थे। रमनपुर घाटी के पास चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। चालक और परिचालक आग लगते ही ट्रक से सुरक्षित बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई। ट्रक चालक ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया। ट्रक मालिक ने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर पहुंचने में काफी समय लग गया, जिसके चलते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे ट्रक और उसमें लोड अनार पूरी तरह जलकर खाक हो गए। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

ट्रक चालक सुशील कुमार साकेत ने बताया कि चलते ट्रक के पिछले हिस्से में अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। आग की लपटें और धुआं देखकर राहगीर भी दहशत में आ गए। पुलिस ने वाहनों की आवाजाही को रोका, जिससे सड़क पर वाहनों की कतारें भी लग गईं।