नारी शक्ति का चौथा सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव 21 नवंबर को
मानस मंच पर देवउठनी ग्यारस के अवसर पर होगा आयोजन, 15 कन्याओं के विवाह का लक्ष्य; इस बार एक पुनर्विवाह भी होगा शामिल
टीकमगढ़। नारी शक्ति टीकमगढ़ द्वारा चौथे सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव-2026 का आयोजन 21 नवंबर, शनिवार को देवउठनी ग्यारस एवं तुलसी विवाह के पावन अवसर पर मानस मंच टीकमगढ़ में किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर संस्था द्वारा प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें अध्यक्ष रुचि राजा परमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए पात्र कन्याओं के परिवारों से आयोजन समिति से संपर्क करने की अपील की।
अध्यक्ष रुचि राजा परमार ने बताया कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराना है। ऐसे परिवार, जो आर्थिक परिस्थितियों के चलते अपनी बेटियों का विवाह करने में असमर्थ हैं, वे अभी से समिति से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिन परिवारों के पास विवाह योग्य वर-वधू के रिश्ते हैं, वे भी समिति के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं, ताकि योग्य जोड़ों का रिश्ता तय कर उन्हें सामूहिक विवाह महोत्सव में शामिल किया जा सके। इस वर्ष संस्था ने 15 कन्याओं के विवाह कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
जरूरतमंद कन्याओं को मिलेगी प्राथमिकता
आयोजन समिति के अनुसार विवाह के लिए कन्या की आयु 18 वर्ष तथा वर की आयु 21 वर्ष होना अनिवार्य है। जिन कन्याओं के माता-पिता नहीं हैं, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर एवं बीपीएल कार्डधारी परिवारों की कन्याओं को भी शामिल किया जाएगा। आवेदन के लिए वर एवं वधू दोनों के आधार कार्ड अनिवार्य रहेंगे।
संस्था उठाएगी विवाह का पूरा खर्च
नारी शक्ति टीकमगढ़ की ओर से विवाह में शामिल होने वाली कन्याओं को फर्नीचर, बर्तन, कपड़े, गहने सहित आवश्यक घरेलू सामग्री प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही वर-वधू पक्ष के लिए भोजन, विवाह का संपूर्ण खर्च तथा बारात के लिए डीजे, घोड़े और आतिशबाजी की व्यवस्था भी संस्था द्वारा की जाएगी। दोनों पक्षों के 25-25 सदस्यों के भोजन की व्यवस्था आयोजन समिति करेगी।
इस बार एक पुनर्विवाह भी होगा शामिल
चौथे सामूहिक कन्या विवाह महोत्सव में इस बार एक पुनर्विवाह भी संपन्न कराया जाएगा। संस्था की इस पहल का उद्देश्य पुनर्विवाह को सामाजिक स्वीकृति और सम्मान प्रदान करते हुए एक नई शुरुआत का अवसर देना है। सामूहिक विवाह के साथ पुनर्विवाह को भी आयोजन का हिस्सा बनाया जाएगा।
ये महिलाएं रहीं मौजूद
प्रेसवार्ता में आयोजन समिति की अध्यक्ष रुचि राजा परमार, सचिव रश्मि निरंजन, उपाध्यक्ष प्रतीक्षा जैन, सीमा नुना, कोषाध्यक्ष सुजाता जैन, निहारिका सहदेव, स्मृति अग्रवाल, पूजा रिछारिया, दीपा साहू, निधि अग्रवाल, दीपिका तेवरैया, वर्षा जैन, आरजू चतुर्वेदी, प्रियंका सक्सेना, अंजलि जैन, प्रवीना खरे, शिल्पा खरे, लक्ष्मी द्विवेदी, शोभना जैन, कीर्ति अग्रवाल एवं आरती साहू सहित नारी शक्ति टीकमगढ़ की अन्य महिलाएं मौजूद रहीं।
Continue With Google