नरसिंहपुर में 'म्यूल अकाउंट' के जरिए करोड़ों का फर्जीवाड़ा: अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश
नरसिंहपुर: जिला पुलिस ने डिजिटल धोखाधड़ी और अवैध लेनदेन के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आरोपी ने 'म्यूल अकाउंट' का उपयोग कर करोड़ों रुपये का संदिग्ध लेनदेन किया, जिसके तार नेपाल और उत्तर प्रदेश तक फैले हुए हैं।
जांच में पता चला है कि आरोपी अभिषेक सिलावट ने तीन मुख्य खातों के माध्यम से लगभग ₹21.50 करोड़ का भारी-भरकम लेनदेन किया है। सिर्फ 17 दिनों के भीतर, उसने एक ही खाते से ₹2.52 करोड़ की राशि इधर-से-उधर की।
नेपाल और लखनऊ से जुड़े तार
इस फर्जीवाड़े के तार नेपाल और लखनऊ से जुड़े होने के प्रमाण मिले हैं। आरोपी ने अपने परिचित अंकित सोनी को एक्सीडेंट क्लेम का झांसा देकर उसके नाम पर बैंक खाता खुलवाया और अपने मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी को लिंक किया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कर्नाटक, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, केरल और उत्तर प्रदेश जैसे 6 राज्यों में कुल 11 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
प्रार्थी अंकित सोनी की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अभिषेक सिलावट को बायपास क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और संदिग्ध मोबाइल जब्त किए गए हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस बड़ी कामयाबी में स्टेशनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ पटेल, उनि मुकेश विसेन, राहुल सोनकर, आरक्षक महेंद्र बसोडिया, देवेंद्र सिंह, महिला आरक्षक कुमुद पाठक और अन्य पुलिस कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और कुल 11 संदिग्ध बैंक खातों की गहराई से जांच कर रही है।

Continue With Google
Comments (0)