अखण्ड यादव टीकमगढ़। जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बीच पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतर्राज्यीय शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर ₹18.88 लाख का मशरूका बरामद किया गया है।
खरगापुर थाना क्षेत्र की चौकी देरी एवं बम्हौरीकलां थाना क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। इन वारदातों के खुलासे के लिए गठित विशेष टीमों ने सुनियोजित रणनीति के तहत काम करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
देरी चौकी प्रभारी चंदन शाक्य की भूमिका अहम
पूरे घटनाक्रम में चौकी देरी प्रभारी उपनिरीक्षक चंदन शाक्य की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। उन्होंने टीम के साथ लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर मुखबिर तंत्र को मजबूत किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी। उनकी सतर्कता और कुशल नेतृत्व के चलते पुलिस को गिरोह तक पहुंचने में सफलता मिली।
ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले सुनसान एवं ग्रामीण इलाकों में घूमकर बंद और संपन्न मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद देर रात ताला तोड़कर घरों में घुसते और सीधे अलमारी-लॉकर को निशाना बनाकर जेवरात एवं नगदी लेकर फरार हो जाते थे। गिरोह के सदस्य अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाते थे, जिससे वारदात तेजी और योजनाबद्ध तरीके से पूरी होती थी।
4 विशेष टीमों का मेगा ऑपरेशन
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा एवं एसडीओपी राहुल कटरे, अभिषेक गौतम के मार्गदर्शन में 4 विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र के जरिए 30 मार्च 2026 को छतरपुर जिले के ईशानगर से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अवैध हथियार सहित वाहन जब्त
आरोपियों के कब्जे से दो 315 बोर के अवैध कट्टे व कारतूस भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त एक डिजायर कार और एक बोलेरो वाहन भी पुलिस ने जब्त किए हैं। दोनों घटनाओं में चोरी गए जेवरात व नगदी सहित कुल ₹18.88 लाख का मशरूका बरामद किया गया है।
टीम को मिलेगा इनाम
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी खरगापुर निरीक्षक अंबर सिंह सिकरवार, बम्हौरीकलां थाना प्रभारी नीतू खटीक सहित देरी चौकी प्रभारी चंदन शाक्य एवं अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम के सभी सदस्यों को नगद इनाम देने की घोषणा की गई है।
आमजन में बढ़ा भरोसा
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं, वहीं आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है। लगातार हो रही चोरियों से परेशान लोगों ने पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।

Continue With Google
Comments (0)