आमला। जंतर-मंतर पर आंदोलनकारियों के साथ कथित अत्याचार और लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन के विरोध में आमला युवक कांग्रेस ने बुधवार को जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। नगर के प्रमुख मार्गों से रैली निकालते हुए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और नितिन गाडरे के नेतृत्व में विरोध स्वरूप पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन में युवक कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कोकाटे, विधानसभा अध्यक्ष यशवंत हुडे, ब्लॉक अध्यक्ष मनीष नागले सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और इस अधिकार का दमन किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
युवक कांग्रेस के नेता नितिन गाडरे ने कहा कि जंतर-मंतर पर आंदोलनकारियों के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह लोकतंत्र की भावना के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन युवक कांग्रेस अन्याय और दमन के खिलाफ हर मोर्चे पर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि यदि ऐसी घटनाएं नहीं रुकीं तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
जिला उपाध्यक्ष प्रदीप कोकाटे ने कहा कि युवाओं और आम जनता की आवाज को दबाने की हर कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष यशवंत हुडे और ब्लॉक अध्यक्ष मनीष नागले ने कहा कि देश में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और युवक कांग्रेस इस जिम्मेदारी को पूरी मजबूती के साथ निभाएगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने "लोकतंत्र बचाओ", "अत्याचार बंद करो", "युवा शक्ति जिंदाबाद" और "युवक कांग्रेस जिंदाबाद" जैसे नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। पुतला दहन के दौरान पुलिस प्रशासन भी एहतियात के तौर पर मौके पर मौजूद रहा और पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी।
कार्यक्रम में युवक कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारियों, विभिन्न मंडलों के अध्यक्षों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर एकजुटता का संदेश दिया तथा जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
*इनका कहना है*
लोकतंत्र में जनता की आवाज को दबाने का कोई भी प्रयास सफल नहीं होगा। जंतर-मंतर की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। युवक कांग्रेस अन्याय और दमन के खिलाफ हमेशा संघर्ष करती रहेगी और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी।"
*नितिन गाडरे,*
Continue With Google
Comments (0)