आमला। जीआरपी थाना आमला ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर हो रही मोबाइल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय मोबाइल चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल ₹3,59,591 मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया है। बरामदगी में चोरी के मोबाइल फोन, एचपी कंपनी का लैपटॉप, ईयरबड्स, लेंसकार्ट का चश्मा, बैग, दस्तावेज और नकदी शामिल है।

पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल अंकित जायसवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल नीतू डावर एवं उप पुलिस अधीक्षक रेल इटारसी महेन्द्र सिंह कुल्हारा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद पाटिल के नेतृत्व में गठित टीम लगातार मोबाइल चोरी की घटनाओं की रोकथाम और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

इसी दौरान अपराध क्रमांक 113/26 एवं 114/26 में गिरफ्तार मुख्य आरोपी तुलसीदास राठोड़ (36) निवासी जिला चंद्रपुर (महाराष्ट्र) को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने चोरी का सामान महाराष्ट्र के विभिन्न स्थानों पर छिपाने और बेचने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने यवतमाल (महाराष्ट्र) में दबिश देकर कुणाल पंचभाई (19) एवं आशुतोष उर्फ आशू लड़के (21) को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के कब्जे से एचपी कंपनी का लैपटॉप, सैमसंग मोबाइल, नॉइज़ कंपनी के ईयरबड्स, लेंसकार्ट का चश्मा, बैग और अन्य दस्तावेज सहित करीब ₹1,26,755 का सामान बरामद किया गया। वहीं मुख्य आरोपी से Realme, Oppo, IQOO, Poco, Samsung और OnePlus कंपनियों के 8 चोरी के मोबाइल बरामद हुए, जिनकी अनुमानित कीमत ₹1,66,436 है।

तकनीकी जांच में बरामद मोबाइलों में से दो मोबाइलों के IMEI नंबर जीआरपी आमला के अपराध क्रमांक 113/26 एवं 114/26 में चोरी गए मोबाइलों से मेल खाते पाए गए। इन दोनों मोबाइलों की अनुमानित कीमत ₹60,900 है। इसके अलावा चोरी किए गए मोबाइलों से जुड़े Paytm और ATM के माध्यम से निकाली गई राशि में से बची ₹5,500 नकद भी पुलिस ने जब्त की।

इस तरह पुलिस ने कुल ₹3,59,591 मूल्य का चोरी गया माल बरामद किया। जीआरपी आमला की इस कार्रवाई को तकनीकी अनुसंधान, अंतर्राज्यीय समन्वय और प्रभावी पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।

*गिरफ्तार आरोपी*

1-तुलसीदास राठोड़ (36), जिला चंद्रपुर, महाराष्ट्र

2-कुणाल पंचभाई (19), जिला यवतमाल, महाराष्ट्र

3-आशुतोष उर्फ आशू लड़के (21), जिला यवतमाल, महाराष्ट्र

*सराहनीय भूमिका*

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक प्रमोद पाटिल, प्रधान आरक्षक रविश यादव, कुलदीप लोटे, दिलीप नरवरे, आरक्षक पवन तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक अमित सक्सेना की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।