आमला। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित "सेफ क्लिक अभियान" के तहत बुधवार 24 जून को थाना आमला पुलिस ने जनपद चौक पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक बैतूल के निर्देशन में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को समझाइश दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक को न खोलें और न ही डाउनलोड करें। साथ ही किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी, बैंकिंग जानकारी या व्यक्तिगत विवरण किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें।
थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर एवं उपनिरीक्षक बलराम यादव ने उपस्थित नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराधियों के नए-नए तरीकों से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को संदेश दिया कि "जागरूक रहें, सुरक्षित रहें" तथा साइबर सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार को ऑनलाइन ठगी से बचाएं।
थाना आमला पुलिस द्वारा बताया गया कि सेफ क्लिक अभियान के अंतर्गत यह जागरूकता कार्यक्रम लगातार जारी रहेगा और नगर के विभिन्न क्षेत्रों में आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।।