ग्राम पंचायत तिवनी में हर रविवार स्वच्छता अभियान, जनभागीदारी से बदलेगी गांव की तस्वीर
विकास तिवारी की पहल को मिल रहा व्यापक समर्थन, कुलदेवी माता मंदिर परिसर में ग्रामीणों और युवाओं ने किया श्रमदान
ग्राम पंचायत तिवनी। जनपद पंचायत गंगेव के अध्यक्ष विकास तिवारी द्वारा शुरू किया गया हर रविवार स्वच्छता अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत तिवनी में रविवार को स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिकों, युवा साथियों एवं कुलदेवी माता मंदिर समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अभियान के दौरान कुलदेवी माता मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। ग्रामीणों और युवाओं ने स्वयं आगे आकर श्रमदान किया तथा स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता निभाई।
ग्रामीणों की सहभागिता बनी अभियान की खास पहचान
विकास तिवारी की पहल से शुरू हुआ यह अभियान अब जनपद पंचायत गंगेव की 88 ग्राम पंचायतों में लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रत्येक रविवार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को अपने गांव और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
“हर रविवार, स्वच्छता के नाम — स्वच्छ गांव, सुंदर गांव, स्वस्थ गांव”
इसी संदेश के साथ चल रहे अभियान में युवाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता लगातार बढ़ रही है। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़कर गांवों में नियमित सफाई और जागरूकता को बढ़ावा देना है।
88 ग्राम पंचायतों से पूरे रीवा संभाग तक पहुंचेगा अभियान
गंगेव जनपद पंचायत क्षेत्र की 88 ग्राम पंचायतों में चल रहे इस अभियान को आने वाले समय में पूरे रीवा संभाग तक विस्तार देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने और गांवों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत तिवनी में रविवार को हुई बड़ी भागीदारी ने यह स्पष्ट किया कि जब ग्रामीण, युवा और जनप्रतिनिधि मिलकर आगे आते हैं, तो स्वच्छता अभियान जनअभियान का रूप ले लेता है।
Continue With Google
Comments (0)