मां के स्वास्थ्य की मन्नत पूर्ण होने पर मोनू दौड़ते हुए 12 ज्योतिर्लिंग और चारों धाम की यात्रा का संकल्प, 9 हजार किमी से अधिक दौड़कर पहुंचे मध्य प्रदेश, अब तक 6 ज्योतिर्लिंग और 2 धाम के दर्शन पूर्ण

 

 

 

नेपानगर के  ग्राम असीरगढ़ में आज दोपहर 12 बजे बिहार के पटना निवासी मोनू ने 9 हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा पूरी कर मध्य प्रदेश में प्रवेश किया। मोनू अब तक आठ राज्यों से गुजरते हुए 6 ज्योतिर्लिंग और दो तीर्थों के दर्शन कर चुके हैं। असीरगढ़ पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। कई लोग उनके साथ दौड़कर यात्रा में सहयोग भी कर रहे हैं।

 

मोनू ने बताया कि उनकी माता की तबीयत खराब होने और परिवार की आर्थिक स्थिति बिगड़ने के दौरान उन्होंने गांव के पास बाबा भोलेनाथ से मन्नत मांगी थी। उन्होंने संकल्प लिया था कि माता की तबीयत ठीक होने पर वे 12 ज्योतिर्लिंग और चारों धाम की यात्रा दौड़ते हुए पूरी करेंगे। माता की तबीयत में सुधार होने के बाद उन्होंने 15 मार्च 2026 से अपनी यात्रा शुरू की।

 

मोनू के अनुसार, अब तक वे छह ज्योतिर्लिंग और दो धाम की यात्रा पूरी कर चुके हैं। मध्य प्रदेश में वे पहले ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग और उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद गुजरात में प्रवेश कर अपनी यात्रा आगे बढ़ाएंगे।

 

मोनू का कहना है कि उनकी यात्रा का उद्देश्य भगवान भोलेनाथ के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करने के साथ लोगों को अपने माता-पिता का सम्मान करने और हिंदू धर्म का पालन करने का संदेश देना है। असीरगढ़ में लोगों के स्वागत और सहयोग के बाद वे ओंकारेश्वर के लिए रवाना हो गए।

 

 

बाइट 01 मोनू