आमला। आमला थाना क्षेत्र के ग्राम नांदपुर स्थित रमली जोड़ के पास गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार ग्राम नांदपुर निवासी एवं कोटवार ने बताया कि 23 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:30 बजे उनके छोटे भाई नितेश ने फोन पर सूचना दी कि उनके भाई अजय नागले का रमली जोड़ के पास सड़क हादसा हो गया है। सूचना मिलने पर वह तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां अजय नागले सड़क पर घायल अवस्था में पड़े थे। उनकी मोटरसाइकिल क्रमांक MP48MR3491 क्षतिग्रस्त हालत में सड़क किनारे पड़ी थी, जबकि बोलेरो क्रमांक MP40BE0127 सड़क किनारे खंती में खड़ी मिली।
घायल अजय नागले ने बताया कि वह नांदपुर से आमला दवाई लेने बाइक से जा रहे थे। तभी आमला की ओर से आ रही सिल्वर रंग की बोलेरो के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना डायल-112 को दी गई। पुलिस की सहायता से घायल को पहले शासकीय अस्पताल आमला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
शुक्रवार को घायल के परिजनों ने आमला थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर फरार बोलेरो चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Continue With Google
Comments (0)