आमला। शहर में पिछले माह हुई सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो पाने से आमला पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस किसी भी मामले में आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। इससे शहरवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की कार्यशैली चर्चा का विषय बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार पिछले माह रेलवे कॉलोनी, वायुसेना क्षेत्र, पंचवटी कॉलोनी तथा उपनगरी बोड़खी में दिनदहाड़े चोरी की कई वारदातें हुई थीं। अज्ञात चोर बंद मकानों को निशाना बनाकर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे। घटनाओं के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन अब तक किसी भी मामले में कोई ठोस सफलता सामने नहीं आई है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लगातार हो रही चोरियों से लोगों में भय का माहौल है। उनका कहना है कि यदि दिनदहाड़े चोर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो रहे हैं और उनका पता नहीं लगाया जा रहा है, तो इससे अपराधियों के हौसले और बढ़ सकते हैं।

*रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर भी उठे सवाल*

लगातार चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस की रात्रि गश्त और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि जिन इलाकों में चोरी हुई, वहां यदि नियमित गश्त और प्रभावी निगरानी रहती तो ऐसी घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती थी। लोगों ने रिहायशी कॉलोनियों में पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच करने और प्रमुख मार्गों पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

*पीड़ित परिवारों को अब भी न्याय का इंतजार*

चोरी की घटनाओं से प्रभावित परिवार आज भी आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस ने जांच का भरोसा तो दिलाया, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है, जिससे उनमें निराशा का माहौल है।

*शहरवासियों की मांग— जल्द हो चोरी का खुलासा*

नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सभी चोरी के मामलों की जांच के लिए विशेष टीम गठित की जाए तथा तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य आधुनिक जांच माध्यमों का प्रभावी उपयोग कर आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना है कि इन मामलों का जल्द खुलासा होने से लोगों का पुलिस पर विश्वास मजबूत होगा और अपराधियों में कानून का भय भी बना रहेगा।

*इनका कहना*

"पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।"

*मुकेश ठाकुर, नगर निरीक्षक, थाना आमला*