आमला। बरसात के मौसम में हर वर्ष लोगों की जान जोखिम में डालने वाला मां चंद्रभागा नदी का पुल एक बार फिर चर्चा में है। वार्ड क्रमांक 9 भगत सिंह वार्ड, बड़ाईचाल एवं बल्लाचाल क्षेत्र की पार्षद तथा युवा कांग्रेस की जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर बैतूल के नाम अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) एवं तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए संतोषी माता मंदिर के सामने स्थित मां चंद्रभागा नदी के पुल को ऊंचा, चौड़ा और सुरक्षित बनाने की मांग की।

ज्ञापन में पार्षद अतुलकर ने बताया कि नगर के बीचों-बीच बहने वाली मां चंद्रभागा नदी पर बना यह पुल वर्षों से लोगों की परेशानी का कारण बना हुआ है। पुल की ऊंचाई कम होने के कारण मामूली बारिश में भी नदी का जलस्तर बढ़ जाता है और पुल के ऊपर से पानी बहने लगता है। इससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है तथा स्थानीय रहवासियों, किसानों, विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने मांग की कि पुल को कम से कम 10 फीट ऊंचा एवं 10 फीट चौड़ा किया जाए। साथ ही पुल पर मजबूत रेलिंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाए, जिससे बरसात के दौरान लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

*रेलिंग के अभाव में जा चुकी हैं कई जानें*

पार्षद खुशबू अतुलकर ने बताया कि पुल पर सुरक्षा रेलिंग नहीं होने के कारण पूर्व में बारिश के दौरान पुल पार करते समय दो से तीन लोगों की पानी में बहने से मौत हो चुकी है। इसके बावजूद अब तक प्रशासन द्वारा कोई स्थायी और प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में भी बड़ी दुर्घटनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता।

*एसडीएम से की विस्तृत चर्चा*

ज्ञापन सौंपने के बाद पार्षद ने अनुविभागीय अधिकारी श्री शैलेन्द्र बडोनिया से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी को मां चंद्रभागा नदी के पुल पर शीघ्र मजबूत रेलिंग लगाने के निर्देश देने की बात कही।

*विद्यार्थियों, किसानों और ग्रामीणों को होती है सबसे अधिक परेशानी*

बरसात के दिनों में पुल पर पानी आने से स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, खेतों तक पहुंचने वाले किसानों तथा गांवों से नगर आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ता है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित होता है।

पार्षद खुशबू विजय अतुलकर ने प्रशासन से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुल के उन्नयन एवं सुरक्षा कार्यों को तत्काल स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को राहत मिल सके और भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि रोकी जा सके।

*इनका कहना है*

"मां चंद्रभागा नदी का यह पुल वर्षों से हादसों को दावत दे रहा है। नागरिकों की सुरक्षा के लिए पुल को ऊंचा करने, मजबूत रेलिंग लगाने और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।"

*कुमारी खुशबू विजय अतुलकर, पार्षद एवं जिला महासचिव, युवा कांग्रेस*