आमला। नगर के मुख्य बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय की जर्जर स्थिति को लेकर वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि प्रतीक्षालय की छत से लगातार पानी टपक रहा है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी मिलते ही पार्षद ने नगर पालिका के स्वास्थ्य शाखा प्रभारी उल्लास जोशी को मोबाइल फोन पर स्थिति से अवगत कराया और तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि पिछले चार माह से प्रतीक्षालय की मरम्मत कराने की मांग की जा रही है, लेकिन नगर पालिका ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
पार्षद ने बताया कि छत से लगातार पानी टपकने के कारण फर्श पर पानी जमा हो जाता है, जिसे कर्मचारी बार-बार पोछा लगाकर साफ कर रहे हैं। इसके बावजूद यात्रियों को बैठने और प्रतीक्षा करने में काफी असुविधा हो रही है।
खुशबू अतुलकर ने आशंका जताई कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो जर्जर छत कभी भी गिर सकती है, जिससे किसी यात्री या कर्मचारी के साथ गंभीर दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड आमला नगर का हृदय स्थल है और यहीं से नगर पालिका की कार्यप्रणाली का संदेश दूर-दराज के गांवों तक पहुंचता है। ऐसे महत्वपूर्ण स्थान की अनदेखी किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका बस मालिकों से बस विराम शुल्क वसूलती है, इसलिए यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक प्रतीक्षालय उपलब्ध कराना भी उसकी जिम्मेदारी है।
पार्षद कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे से मांग की है कि यात्री हित और संभावित हादसे को देखते हुए बस स्टैंड स्थित प्रतीक्षालय की छत की तत्काल मरम्मत कराई जाए।
Continue With Google
Comments (0)