SDM रूपेश रत्नेश सिंघई का अल्टीमेटम, नियम तोड़ने वालों पर गिरेगी गाज

खबर:
डबरा। अम्बेडकर जयंती के अवसर पर घोषित अवकाश के बावजूद डबरा कृषि उपज मंडी में नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं। प्रशासन के सख्त आदेशों को नजरअंदाज करते हुए कई व्यापारियों ने मंडी में खरीदी जारी रखी, जिससे पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े हो गए हैं।

हैरानी की बात यह है कि जब मंडी प्रशासन ने किसानों को जारी होने वाली अधिकृत प्रवेश पर्ची पूरी तरह बंद कर दी थी, तब भी कुछ व्यापारी पीछे नहीं हटे और कच्ची पर्चियों पर चोरी-छिपे नहीं बल्कि खुलेआम खरीदी करते रहे। यह न सिर्फ नियमों का सीधा उल्लंघन है, बल्कि किसानों के साथ संभावित धोखाधड़ी और पारदर्शिता पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।

सूत्रों के मुताबिक, अवकाश के दिन मंडी में गतिविधियां जारी रहने से यह भी सवाल उठ रहा है कि क्या कुछ जिम्मेदारों की मौन सहमति से यह खेल चल रहा था? यदि नहीं, तो फिर प्रशासन की निगरानी व्यवस्था आखिर कहां थी?

मामले की गंभीरता को देखते हुए कृषि उपज मंडी समिति डबरा के भारसाधक अनुविभागीय अधिकारी (SDM) रूपेश रत्नेश सिंघई ने सख्त रुख अपनाते हुए साफ चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित रहेगी या वास्तव में नियम तोड़ने वालों पर सख्त कदम उठाकर एक उदाहरण पेश किया जाएगा। फिलहाल, मंडी में हुई इस मनमानी ने प्रशासनिक सख्ती और पारदर्शिता दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।