गुना: बूढ़े बालाजी और पुरानी छावनी में गंदे पानी की समस्या पर जनता ने किया प्रदर्शन

गुना: स्थानीय हनुमान चौराहा पर आज एक प्रमुख विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें बूढ़े बालाजी और पुरानी छावनी क्षेत्र में गंदे और दूषित पानी की आपूर्ति पर नाराजगी व्यक्त की गई।

क्षेत्र के नागरिकों ने नगरपालिका प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से यहां गंदा और दूषित पानी आ रहा है, जिससे बच्चों में उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। कई बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है, जिससे स्थानीय निवासियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

गंदे पानी की समस्या को लेकर समाचार पत्रों में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पानी की टंकी की सफाई की, लेकिन नागरिकों का कहना है कि पानी अब भी बदबूदार और मटमैला है, जो पीने योग्य नहीं है।

क्रांतिकारी पार्टी SUCI कम्युनिस्ट के बूढ़े बालाजी लोकल कमेटी इंचार्ज विकास बंसल ने कहा कि इस क्षेत्र के लोग मजदूर और गरीब परिवारों से हैं, जो न तो RO लगा सकते हैं और न ही रोजाना कैंपर खरीद सकते हैं। ऐसे में वे इस दूषित पानी को पीने के लिए मजबूर हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

क्षेत्र की कई गलियों में पानी की पाइपलाइन नालियों से होकर गुजरती है, जिससे गंदा पानी पाइपलाइन में मिल रहा है। साथ ही, लंबे समय से पानी की टंकी की सफाई न होने के कारण पानी में कीटाणु भी उत्पन्न हो रहे हैं।

हमारी मांगे

  • जल्द से जल्द स्वच्छ पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की जाए।
  • जहां-जहां पर पाइपलाइन नाले और नालियों से होकर जाती है, उसे बदला जाए।
  • पानी की टंकी की साप्ताहिक रूप से सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जनता ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो गुना शहर भी इंदौर के भागीरथपुरा इलाके जैसी घटना का शिकार हो सकता है।

यह ज्ञापन क्रांतिकारी पार्टी SUCI C गुना द्वारा सौंपा गया।