18 घंटे से अंधेरे में कट्ठीवाड़ा! बारिश के बाद बिजली गुल, इंटरनेट ठप... थम गई जनजीवन की रफ्तार

 

ग्रिड में तकनीकी खराबी से लंबा ब्लैकआउट, दिवासा पर्व की खुशियों पर भी पड़ा असर

प्रेम गुप्ता

 

कट्ठीवाड़ा, 31 जुलाई।

गुरुवार-शुक्रवार की मध्यरात्रि हुई तेज बारिश के बाद कट्ठीवाड़ा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। खबर लिखे जाने तक 18 घंटे से अधिक समय से विद्युत आपूर्ति बंद रहने के कारण पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहा। मोबाइल फोन डिस्चार्ज हो गए, इंटरनेट सेवाएं ठप पड़ गईं और उमस व मच्छरों के बीच लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

शुरुआत में बिजली गिरने (लाइटनिंग) से लाइन में फॉल्ट की जानकारी दी गई और जल्द सप्लाई बहाल होने का भरोसा दिलाया गया। लेकिन बाद में पता चला कि समस्या केवल लाइन तक सीमित नहीं थी, बल्कि ग्रिड की मशीनरी में तकनीकी खराबी आने से स्थिति और गंभीर हो गई। इसके बाद जिला मुख्यालय अलीराजपुर से तकनीकी टीम बुलाकर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया।

लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से घरों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं। सबसे अधिक परेशानी मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट बंद होने से हुई। वहीं, आसपास के गांवों में दिवासा पर्व के अवसर पर भी बिजली गुल रहने से उत्सव का माहौल फीका पड़ गया।

क्या बोले जिम्मेदार अधिकारी

"लाइटनिंग के चलते विद्युत फॉल्ट हुआ था, जिसे ठीक कर दिया गया था। बाद में ग्रिड मशीनरी में तकनीकी समस्या आ गई। अलीराजपुर से आई टीम द्वारा मरम्मत कार्य किया जा रहा है।"

— रमेश डावर, कनिष्ठ अभियंता