लोकार्पण के चार माह बाद भी शुरू नहीं हुआ मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक, नागरिकों को नहीं मिल रहा स्वास्थ्य लाभ

मुलताई। नगर में बनाए गए मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक का लोकार्पण हुए लगभग चार माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक क्लिनिक की सेवाएं प्रारम्भ नहीं हो सकी हैं। 25 लाख रुपये की लागत से तैयार यह भवन अभी भी बंद पड़ा हुआ है, जिससे नगर के नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
बताया जा रहा है कि चार माह पूर्व स्थानीय विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा विधिवत लोकार्पण किया गया था। उस समय उम्मीद जताई गई थी कि जल्द ही यहां से आम लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिलना शुरू हो जाएंगी। लेकिन लोकार्पण के बाद भी क्लिनिक शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
नगर के नागरिकों का कहना है कि नगर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता है, ऐसे में तैयार भवन का उपयोग नहीं होना समझ से परे है। लोगों का कहना है कि यदि क्लिनिक शुरू हो जाए तो आसपास के वार्डों के लोगों को उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
वहीं इस मामले में नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि भवन का हैंडओवर स्वास्थ्य विभाग को किया जाना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ पत्राचार किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदारों द्वारा कार्यवाही होते ही क्लिनिक की सेवाएं प्रारम्भ कर दी जाएंगी।
फिलहाल 25 लाख रुपये की लागत से बना यह क्लिनिक शुरू नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं कि इसे लापरवाही कहा जाए या फिर स्वास्थ्य विभाग की उदासीनता। नगर के नागरिकों ने जल्द से जल्द क्लिनिक शुरू कर आम लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।