बैतूल जिले के नागपुर-भोपाल नेशनल हाईवे पर बगदेवा के पास मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आम से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में भरे हजारों किलो आम सड़क पर बिखर गए। सड़क पर आम बिखरते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई और आम लूटने की होड़ मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को हटाकर यातायात व्यवस्था संभालने की कोशिश की, लेकिन भारी भीड़ और सड़क पर फैले माल के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। बताया जा रहा है कि हाईवे के दोनों ओर करीब 5 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई, जिससे यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक नागपुर की ओर से भोपाल की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बगदेवा के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद ट्रक चालक और परिचालक को मामूली चोटें आई हैं।

हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर बिखरे आम उठाकर ले जाते नजर आए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और क्रेन को बुलाया गया है जिसकी मदद से ट्रक को हटाने का काम शुरू कराया जाए।

फिलहाल पुलिस यातायात सामान्य कराने में जुटी हुई है। वहीं हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लगने से यात्रियों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।