आमला। प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत करने एवं ग्रामीण योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के उद्देश्य से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) आमला श्री शैलेन्द्र बडौनियाँ ने बुधवार को ग्राम पंचायत बोरीखुर्द, छावल, खापाखतेडा और कनोजिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई पंचायतों में सचिव, पटवारी और रोजगार सहायकों की अनुपस्थिति सामने आई, जिस पर एसडीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पटवारी को प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

*बोरीखुर्द में सचिव और पटवारी गैरहाजिर, एसडीएम ने लगाई फटकार*

ग्राम पंचायत बोरीखुर्द में निरीक्षण के दौरान केवल रोजगार सहायक श्री कमलेश उपस्थित मिले, जबकि पंचायत सचिव और हल्का पटवारी अनुपस्थित पाए गए। जानकारी में सामने आया कि संबंधित पटवारी 12 मई को आयोजित जनसुनवाई में भी अनुपस्थित रहे थे। इस पर एसडीएम ने तत्काल कारण बताओ सूचना पत्र जारी कर जवाब तलब किया तथा पंचायत सचिव के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश जनपद पंचायत सीईओ को दिए।

निरीक्षण के दौरान समग्र आईडी ई-केवाईसी का कार्य 95 प्रतिशत पूर्ण पाया गया, जबकि मनरेगा अंतर्गत समग्र ई-केवाईसी का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण था। शेष 85 हितग्राहियों की ई-केवाईसी आगामी सात दिवस में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

संबल योजना की समीक्षा में एक आवेदन लंबित पाया गया, जिसे तत्काल निराकृत करने को कहा गया। पंचायत में मनरेगा के तहत शासकीय तालाब निर्माण कार्य प्रारंभ होना पाया गया तथा विधायक निधि से मंच निर्माण कार्य भी प्रगति पर बताया गया। पंचायत क्षेत्र में नल-जल योजना से प्रतिदिन पेयजल वितरण होने की जानकारी मिली। एसडीएम ने ग्राम में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

*छावल पंचायत कार्यालय पर लटका मिला ताला, एसडीएम नाराज*

ग्राम पंचायत छावल के निरीक्षण के दौरान पंचायत कार्यालय बंद मिला और वहां ताला लगा हुआ था। सचिव, रोजगार सहायक एवं हल्का पटवारी सभी अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए एसडीएम ने तत्काल सरपंच को मौके पर बुलाकर कार्यालय खुलवाया।

एसडीएम ने संबंधित हल्का पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया तथा सचिव के खिलाफ कार्रवाई और रोजगार सहायक पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश जनपद पंचायत सीईओ को दिए।

इसके बाद उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण किया गया, जहां पीओएस मशीन के माध्यम से राशन वितरण किया जाना पाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें पर्ची के माध्यम से दो माह का राशन नियमित रूप से मिल रहा है। एसडीएम ने जेएसओ को स्टॉक मिलान करने के निर्देश दिए तथा पंचायत सरपंच को सोसायटी के सामने तत्काल प्याऊ लगाने के आदेश दिए।

*खापाखतेडा में उत्कृष्ट कार्य पर महिला पटवारी को मिला सम्मान*

ग्राम पंचायत खापाखतेडा के निरीक्षण में हल्का पटवारी, सचिव, रोजगार सहायक, कोटवार एवं सर्वेयर सभी उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान हल्का पटवारी श्रीमती प्रीति पोटफोडे किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार करती हुई पाई गईं।

जानकारी में सामने आया कि पंचायत में लगभग 60 प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा चुकी है। अनुभाग में सर्वाधिक फार्मर आईडी तैयार करने पर एसडीएम श्री बडौनियाँ ने श्रीमती प्रीति पोटफोडे को प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

समग्र आईडी ई-केवाईसी का कार्य 96 प्रतिशत पूर्ण पाया गया तथा शेष 122 ई-केवाईसी सात दिनों में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। पंचायत में “मां की बगिया” के दो निर्माण कार्य संचालित पाए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 22 में से 4 आवासों का निर्माण कार्य प्रारंभ होना शेष पाया गया, जिस पर शीघ्र निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए गए। पंचायत क्षेत्र में नियमित पेयजल वितरण भी संतोषजनक पाया गया।

*कनोजिया पंचायत में नालों की सफाई के निर्देश*

ग्राम पंचायत कनोजिया में निरीक्षण के दौरान सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित मिले, जबकि हल्का पटवारी एवं कोटवार अनुपस्थित पाए गए। संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

एसडीएम ने पंचायत में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बढ़ाने के लिए 14, 15 एवं 16 मई को विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। पंचायत की केसबुक 31 मार्च 2026 तक अद्यतन पाई गई। समग्र आईडी ई-केवाईसी 92 प्रतिशत तथा मनरेगा समग्र ई-केवाईसी 98 प्रतिशत पाई गई। संबल योजना में कोई भी आवेदन लंबित नहीं मिला।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 57 आवासों के लक्ष्य में से 29 आवास पूर्ण एवं शेष निर्माणाधीन बताए गए। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए एसडीएम ने सभी नाले-नालियों की सफाई समय रहते पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

*आंगनवाड़ी केंद्र की स्थिति सुधारने के निर्देश*

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने आंगनवाड़ी केंद्र कनोजिया का भी निरीक्षण किया। भवन की स्थिति ठीक नहीं पाए जाने पर सरपंच एवं ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के उपयंत्री को भवन दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग को नया आंगनवाड़ी भवन प्रस्तावित करने हेतु निर्देशित किया गया।