वाल्मीकि भवन एवं मंदिर निर्माण का भूमि पूजन संपन्न, राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने 25 लाख रुपये की सहायता राशि की घोषणा की

बरेली (रायसेन)। नगर के वाल्मीकि समाज द्वारा लंबे समय से प्रतीक्षित वाल्मीकि भवन एवं मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक एवं मध्य प्रदेश शासन के राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष हेमंत राजा भैया चौधरी ने की। भूमि पूजन समारोह में बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोगों के साथ नगर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा पत्रकार उपस्थित रहे।

इस अवसर पर राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के उत्थान एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए सामुदायिक भवनों और धार्मिक स्थलों का विशेष महत्व होता है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। समाज की मांग और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उन्होंने वाल्मीकि भवन एवं मंदिर निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। मंत्री की इस घोषणा पर उपस्थित समाजजनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया।

कार्यक्रम के दौरान वाल्मीकि समाज के उन प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर समाज और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इसके अलावा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि वाल्मीकि भवन का निर्माण होने से समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक स्थायी एवं सुसज्जित स्थान उपलब्ध होगा। वहीं मंदिर निर्माण से धार्मिक गतिविधियों को भी नया आयाम मिलेगा।

कार्यक्रम के अंत में समाज के वरिष्ठजनों ने अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया तथा भवन एवं मंदिर निर्माण में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। भूमि पूजन समारोह सामाजिक समरसता, एकता और विकास का संदेश देते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ