आमला। वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि शनिचरा बाजार स्थित नगर पालिका की 10 दुकानों की नीलामी की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। इससे स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, वहीं नगर पालिका की आय में भी वृद्धि होगी।

पार्षद ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे ने उन्हें जानकारी दी है कि नगर पालिका कार्यालय द्वारा 9 जून 2026 को संभागीय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, नर्मदापुरम संभाग को शनिचरा हॉट बाजार स्थित दुकानों की नीलामी के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त करने हेतु पत्र भेजा गया है। उच्च अधिकारियों से आवश्यक मार्गदर्शन मिलते ही 10 दुकानों की नीलामी की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।

कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने कहा कि इन दुकानों की नीलामी लंबे समय से लंबित थी। इस संबंध में उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, तहसीलदार, एसडीएम आमला तथा कलेक्टर बैतूल को कई बार ज्ञापन सौंपे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने मां चंद्रभागा नदी पुल पर चक्का जाम कर आंदोलन भी किया था।

उन्होंने बताया कि अब नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे द्वारा दुकानों की शीघ्र नीलामी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। नीलामी प्रक्रिया शुरू होने से बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार का अवसर मिलेगा और नगर पालिका के राजस्व में भी बढ़ोतरी होगी।

इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पार्षद कुमारी खुशबू विजय अतुलकर ने नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी नितिन बिंजवे का आभार व्यक्त किया तथा उम्मीद जताई कि जल्द ही नीलामी की प्रक्रिया पूरी कर दुकानों का आवंटन किया जाएगा।

*इनका कहना है –*

"शनिचरा बाजार स्थित नगर पालिका की 10 दुकानों की नीलामी को लेकर लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। इस संबंध में मैंने विभिन्न अधिकारियों को ज्ञापन भी दिए और आंदोलन भी किया। अब नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा जानकारी दी गई है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उच्च अधिकारियों से मार्गदर्शन मिलते ही दुकानों की नीलामी होगी। इससे बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा और नगर पालिका के राजस्व में भी वृद्धि होगी।"

*कुमारी खुशबू विजय अतुलकर, पार्षद वार्ड क्रमांक 9 एवं यूथ कांग्रेस जिला महासचिव*