त्यौंथर में विवाद ने पकड़ा तूल: अधिवक्ता, कर्मचारी और पटवारी संघ आमने-सामने
भुआरा हल्का में सीमांकन के दौरान शुरू हुआ विवाद अब बड़ा रूप लेता जा रहा है। भुआरा हल्का के पटवारी प्रवेंद्र कुमार ने सीमांकन के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मनोज मिश्र और त्योंथर के वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक तिवारी पर मारपीट एवं जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए जनेह थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ SC/ST एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं, अधिवक्ता अशोक तिवारी और मनोज मिश्र ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह से फर्जी और कूटरचित बताया है। इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और विभिन्न संगठन आमने-सामने आ गए हैं।
बीते दिन कर्मचारी संघ और स्वास्थ्य विभाग के सैकड़ों कर्मचारियों ने कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। इसके बाद आज अधिवक्ता संघ के सैकड़ों सदस्य त्योंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी की जनसुनवाई में पहुंचे और पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
अधिवक्ताओं ने तहसीलदार राजेंद्र शुक्ला को कलेक्टर रीवा के नाम ज्ञापन सौंपा। साथ ही SDOP मानस्वी शर्मा से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की और दर्ज मुकदमे को निरस्त करने की मांग उठाई।
इस पूरे घटनाक्रम में अब पटवारी संघ, अधिवक्ता संघ और कर्मचारी संघ आमने-सामने खड़े नजर आ रहे हैं। एक ओर कर्मचारी संघ कार्य बहिष्कार की चेतावनी दे रहा है, वहीं अधिवक्ता संघ ने राजस्व न्यायालयों के बहिष्कार की बात कही है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस संवेदनशील मामले में कितनी गंभीरता दिखाता है और तीनों संगठनों के बीच किस तरह संतुलन स्थापित कर पाता है।

Continue With Google
Comments (0)