खेलो एमपी में शमशाबाद के खिलाड़ियों ने दिखाया दम,रस्साकसी में बालिकाएं बनी जिला चैंपियन*

शमशाबाद /चैनसिंह मीणा- मध्य शासन द्वारा युवाओं को खेलों में अपना हुनर दिखाने के लिए खेलो एमपी यूथ गेम्स का आयोजन प्रदेश भर में किया जा रहा है। इसी तारतम्य में खेल और युवा कल्याण विभाग विदिशा द्वारा आयोजित जिला स्तरीय खेलो एमपी यूथ गेम्स में शमशाबाद जवाहर नवोदय विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कई खिताब अपने नाम किए। शमशाबाद खेल समन्वयक हनीफ खान मंसूरी ने जानकारी देते हुए बताया कि शमशाबाद से 170 खिलाड़ियों ने जिला स्तर पर रस्साकसी, वॉलीबॉल, खो खो, पिट्ठू, कबड्डी, एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग, बास्केटबाल, लेदर बॉल क्रिकेट, शतरंज एवं बैडमिंटन खेलो में बालक बालिका वर्ग में सहभागिता की थी। जिसमें शमशाबाद जवाहर नवोदय विद्यालय की बालिका टीम ने रस्साकसी में लटेरी को हराकर विजेता का स्थान प्राप्त किया। वहीं बॉस्केट बाल खेल में बालक बालिका दोनों ही वर्गों में उप विजेता का खिताब हासिल किया। वालीबॉल बालक वर्ग में भी उप विजेता का स्थान प्राप्त किया। एथलेटिक्स में कोच राहुल जौनपुरी की एकेडमी के अमित शर्मा ने 100 मीटर, भविष्य जौनपुरी ने 400 मीटर, हायर सेकेंडरी स्कूल महूथा कि राधिका ने 100 मीटर, पलक ने 200 मीटर एवं लक्ष्मी ने 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता खिलाड़ी भोपाल में आयोजित संभाग स्तरीय खेलो एमपी यूथ गेम्स में सहभागिता करेंगे। खिलाड़ियों की इस सफलता पर जवाहर नवोदय विद्यालय शमशाबाद के प्राचार्य जितेंद्र कुमार मिश्रा सहित नगर के खेल प्रेमियों ने बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है