गुरुवार, 4 जून को कोना श्रीकर भरत (KS Bharat) ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने का ऐलान किया। अपने संदेश में भरत ने कहा, "गर्व और कृतज्ञता के साथ मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करता हूं। अपने देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।"

भरत ने अपने इस छोटे लेकिन अहम सफर के लिए पूर्व कप्तान विराट कोहली, रोहित शर्मा और पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि कोहली ने उन्हें आईपीएल में मौका देकर उनकी प्रतिभा को पहचाना, वहीं कप्तान रोहित शर्मा के नेतृत्व में टेस्ट डेब्यू करना उनके जीवन का सबसे यादगार पल रहा। राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन को भी उन्होंने अपने करियर के लिए बहुत अहम बताया

आइए एक नजर डालते हैं केएस भरत के इंटरनेशनल सफर पर:

डेब्यू: फरवरी 2023 में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर में टेस्ट डेब्यू किया।

कुल टेस्ट मैच: भारत के लिए 7 टेस्ट मैच खेले।

रन: 12 पारियों में 20.09 की औसत से कुल 221 रन बनाए (सर्वोच्च स्कोर 44 रन)।

आखिरी मैच: उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मैच फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापट्टनम में खेला था।

विकेटकीपिंग: विकेट के पीछे उन्होंने 18 कैच और 1 स्टंपिंग की।

इंटरनेशनल क्रिकेट में भले ही उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन घरेलू क्रिकेट (First Class Cricket) में उन्होंने 113 मैचों में 6000 से ज्यादा रन बनाए हैं, जिसमें 11 शानदार शतक शामिल हैं। ऋषभ पंत के चोटिल होने के दौरान उन्होंने टीम इंडिया में बैकअप विकेटकीपर की अहम भूमिका निभाई थी और 2023 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल में भी टीम का हिस्सा रहे थे।

युवा खिलाड़ियों की एंट्री और टीम में कड़ी प्रतिस्पर्धा के चलते भरत लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे, जिसके बाद उन्होंने यह अहम फैसला लिया है। खेल जगत की ऐसी ही तमाम अहम और सच्ची खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ। 

संवादाता - गोविन्द सिंह राजपूत