64 खानों पर दिमागी बाजी शुरू... शमशाबाद में संभाग स्तरीय शतरंज स्पर्धा का आगाज
शमशाबाद। शासकीय महाविद्यालय मोहनपुरा, शमशाबाद का परिसर सोमवार को 64 खानों की दिमागी जंग का गवाह बना। यहां संभाग स्तरीय पुरुष शतरंज प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में संभाग के सात जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। पहले ही दिन खिलाड़ियों ने चालों और रणनीति से एक-दूसरे को मात देने के लिए जोर लगाया, वहीं मुकाबलों को देखने पहुंचे विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह नजर आया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ क्रीड़ा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार गौतम की अध्यक्षता में हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. अजय हजारी एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. बसीमुल्लाह खान ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।
चाल से पहले रणनीति, हर मोहरे पर नजर
अध्यक्षीय उद्बोधन में क्रीड़ा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार गौतम ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता की रूपरेखा और नियमों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने शतरंज के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के पहले दिन मुकाबलों में खिलाड़ियों की एकाग्रता और रणनीति देखने लायक रही। हर चाल के साथ बाजी का रुख बदलता नजर आया। महाविद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में मौजूद छात्र-छात्राओं ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक संजय धाकड़ ने किया। आयोजन में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
Continue With Google