संकुल स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, रंगों से उकेरी ‘विकसित भारत’ की तस्वीर
पलेरा। ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत शासकीय मॉडल स्कूल पलेरा संकुल में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘विकसित भारत’ थीम पर आयोजित संकुल स्तरीय प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और कला-कौशल का प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यमिक स्तर पर शासकीय मॉडल स्कूल पलेरा के कक्षा 7वीं के छात्र अनुज अहिरवार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शासकीय माध्यमिक शाला घूरा की कक्षा 7वीं की छात्रा रूबी जोशी द्वितीय और शासकीय माध्यमिक शाला बूढ़ौर के कक्षा 8वीं के छात्र राज रजक तृतीय स्थान पर रहे।
उच्च माध्यमिक स्तर पर शासकीय मॉडल स्कूल पलेरा की कक्षा 9वीं की छात्रा जैनिव निशा ने प्रथम स्थान हासिल किया। शासकीय हाई स्कूल रामपुरा की कक्षा 10वीं की छात्रा रक्षा अहिरवार द्वितीय और शासकीय मॉडल स्कूल पलेरा की कक्षा 9वीं की छात्रा जूली प्रजापति तृतीय रहीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महेश पटेरिया तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुनील खटीक, नगर परिषद उपाध्यक्ष रानू तिवारी और पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश नायक उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संस्था प्राचार्य कौशल किशोर राजपूत ने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें राष्ट्र निर्माण की भावना और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देती हैं।
कार्यक्रम बी.एस. राजपूत के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। मंच संचालन श्रीमती भार्गव एवं रामलाल विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन की सफलता में श्रीमती वंदना राजपूत, राम कुमार यादव, घसराम तिवारी, श्रीमती नीलम अहिरवार, वर्मा सहित प्रतिभागी विद्यालयों से आए शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।