टीकमगढ़। शहर में लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने अब सख्त रुख अपना लिया है। शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान में शहर वितरण केंद्र क्षेत्र के शीर्ष 200 बकायादार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित कर दिए गए। इन उपभोक्ताओं पर करीब 38 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया था। विभाग की इस कार्रवाई से अन्य बकायादारों में भी हड़कंप मच गया है।

विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए, उन्हें पहले कई बार बिल जमा करने के लिए सूचना दी गई थी और नियमानुसार पर्याप्त समय भी उपलब्ध कराया गया था। इसके बावजूद निर्धारित समय सीमा के भीतर बकाया राशि जमा नहीं किए जाने पर विभाग ने विद्युत अधिनियम के प्रावधानों के तहत बिजली आपूर्ति बंद करने की कार्रवाई की।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित किए गए हैं, उनकी बिजली आपूर्ति तभी बहाल होगी जब वे पूरा बकाया बिल जमा करने के साथ निर्धारित पुनः संयोजन प्रक्रिया और शुल्क की औपचारिकताएं पूरी करेंगे।

यह विशेष अभियान कार्यपालन अभियंता संचालन-संधारण सुधीर कुमार सोनी के निर्देशन तथा शहर वितरण केंद्र के सहायक अभियंता नितिन बाथम के नेतृत्व में विभागीय टीम द्वारा चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर बकायादार उपभोक्ताओं के कनेक्शन मौके पर ही काटे गए।

विभाग ने संकेत दिए हैं कि यह केवल शुरुआत है। माह के अंत तक शहर और आसपास के क्षेत्रों में बड़े बकायादारों के विरुद्ध इसी प्रकार का विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया है, उनसे समय रहते भुगतान करने की अपील की गई है, ताकि विद्युत विच्छेदन, पुनः संयोजन शुल्क और अन्य प्रशासनिक कार्रवाई से बचा जा सके।

विद्युत विभाग का कहना है कि नियमित बिल भुगतान से न केवल निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होती है, बल्कि विद्युत व्यवस्था के रखरखाव और बेहतर सेवाओं के संचालन में भी सहयोग मिलता है। इसलिए सभी उपभोक्ता नियत समय पर अपने बिजली बिल का भुगतान कर जिम्मेदार उपभोक्ता होने का परिचय दें।