*अवैध शराब पर टीकमगढ़ पुलिस का शिकंजा, 113 आरोपियों पर कार्रवाई* *टीकमगढ़।* सागर शराब कांड के बाद टीकमगढ़ पुलिस ने जिले भर में अवैध शराब के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। एसपी सुधीर अग्रवाल के निर्देशन में दो दिनों में 113 प्रकरणों में 113 आरोपियों पर कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 7 सितंबर को एडिशनल एसपी विक्रम सिंह कुशवाहा के मार्गदर्शन और एसडीओपी राहुल कटरे के पर्यवेक्षण में सभी थानों में कार्रवाई की गई। इस दौरान 102 प्रकरणों में 102 आरोपियों से 412 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 1 लाख 43 हजार 875 रुपए आंकी गई। वहीं 8 सितंबर को कोतवाली पुलिस ने नए बस स्टैंड के पास डेरों में दबिश दी। कोतवाली प्रभारी रवि भूषण पाठक के नेतृत्व में 11 आरोपियों से 210 लीटर शराब जब्त की गई और 310 डिब्बों में रखा 4500 लीटर महुआ लहान नष्ट किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।