नपाध्यक्ष नीतू यादव की तत्परता से पेयजल समस्या पर त्वरित कार्रवाई
नर्मदापुरम्। नगर में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर आई शिकायतों पर नगरपालिका ने गंभीरता दिखाते हुए त्वरित कदम उठाए हैं। जनसुनवाई में मटमैले पानी की शिकायत सामने आते ही नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने बिना देर किए स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने वार्ड क्रमांक 14 न्यास कॉलोनी और वार्ड क्रमांक 21 का निरीक्षण कर पेयजल की गुणवत्ता जांची। निरीक्षण के दौरान जहां भी मटमैला पानी मिलने की शिकायत सामने आई, वहां तत्काल पेयजल शाखा प्रभारी को समस्या के निराकरण के निर्देश दिए गए।
नपाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों को शुद्ध और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना नगरपालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वच्छता शाखा को भी निर्देशित किया कि शहर के सभी क्षेत्रों में लगातार मॉनिटरिंग रखी जाए और जहां-जहां शिकायतें मिलें, उनका तुरंत समाधान किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपयंत्री आयुषी रिछारिया, वार्ड 21 में भाजपा नेता रोहित गौर सहित स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। नपाध्यक्ष की इस सक्रियता से वार्डवासियों में संतोष और विश्वास का माहौल देखा गया।