सेवा और श्रद्धा का संगम: अमरनाथ यात्रियों का भव्य सम्मान, रेनकोट किट भेंट कर दी मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं
रिपोर्टर मुस्तकीम मुगल
आलीराजपुर।पवित्र बाबा अमरनाथ यात्रा पर रवाना होने वाले श्रद्धालुओं के सम्मान में जोबट के टॉकीज चौराहा स्थित कार्यालय पर स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने वर्षों से चली आ रही सेवा परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी श्रद्धालुओं का पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया तथा कठिन पर्वतीय यात्रा और मौसम की चुनौतियों को देखते हुए सभी यात्रियों को रेनकोट किट भेंट की।
कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया। महेश पटेल ने सभी यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अमरनाथ यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास, धैर्य और सेवा का प्रतीक है। उन्होंने बाबा बर्फानी से सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए प्रदेश और देश में सुख, शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि समाज और धर्म की सेवा हमारी संस्कृति की पहचान है। श्रद्धालुओं का सम्मान करना तथा उनकी यात्रा को सुगम बनाने के लिए हर संभव सहयोग देना हमारा नैतिक दायित्व है। इसी सेवा भावना के साथ यह स्वागत कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है, जिससे श्रद्धालु पूरे उत्साह और विश्वास के साथ अपनी यात्रा प्रारंभ कर सकें।
यात्रियों ने इस आत्मीय सम्मान और सहयोग के लिए महेश पटेल एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले मिला यह सम्मान और उपयोगी रेनकोट किट उनके लिए बेहद सहायक सिद्ध होगी और यह अपनापन हमेशा याद रहेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सेवा, सम्मान और धार्मिक आस्था से जुड़े इस आयोजन ने एक बार फिर समाज के प्रति समर्पण और भारतीय संस्कृति की सेवा भावना का संदेश दिया।
Continue With Google
Comments (0)