हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर है - कलेक्टर श्रीमती माथुर
रिपोर्टर मुस्तकीम मुगल
*आलीराजपुर, हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिले में नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण प्रदर्शनी एवं आकर्षक पुष्प रंगोली का निर्माण कर आमजन को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने भी पुष्प रंगोली एवं तिरंगा रंगोली के निर्माण में सहभागिता की। उन्होंने स्वयं रंगोली निर्माण में सहयोग करते हुए उपस्थित अधिकारियों, महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारियों तथा ग्रामीण जनों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकता की भावना को मजबूत करने का अवसर है। वे स्वयं अभियान से जुड़ें और अपने परिवार, पड़ोसियों तथा आसपास के लोगों को भी हर घर तिरंगा अभियान से जुडने के लिए प्रेरित करें।
आयोजित कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से विभिन्न पोषण सामग्री एवं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से उपस्थित ग्रामीण जनों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास के अधिकारी , कर्मचारी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित ग्रामीण जनों ने हर घर तिरंगा अभियान में सहभागी बनने का संकल्प लिया ।
Continue With Google
Comments (0)