बड़वानी-कांग्रेस ने घटिया सीवरेज कार्य पर सौंपा ज्ञापन निर्माण कंपनी पर कार्रवाई की मांग,नायब तहसीलदार को दिया ज्ञापन हालांकि, गुटबाजी के कारण कम संख्या में ही कार्यकर्ता जमा हो पाए। कार्यकर्ताओं के पहुंचने के 15 मिनट बाद पहुंचा ज्ञापन
बड़वानी में सीवरेज निर्माण कार्य में अनियमितताओं और घटिया गुणवत्ता को लेकर ब्लॉक कांग्रेस ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के नाम नायब तहसीलदार सोनू गोयल को दिया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने करंजा चौक पर एकत्रित होकर ज्ञापन सौंपने की रणनीति बनाई थी। हालांकि, गुटबाजी के कारण कम संख्या में ही कार्यकर्ता जमा हो पाए। निर्धारित समय सुबह 11 बजे की बजाय, ब्लॉक कांग्रेस दोपहर करीब 12:30 बजे कलेक्टर कार्यालय पहुंचा। ज्ञापन भी 15-20 मिनट की देरी से पहुंचा। नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने बताया कि बड़वानी शहर में श्रीराम कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किए जा रहे सीवरेज निर्माण कार्य की गुणवत्ता बेहद खराब है। इसमें मिट्टी मिली रेत और कम स्ट्रेंथ वाली फ्लाई ऐश ईंटों का उपयोग किया जा रहा है। मैनहोल चैंबर, सीसी रोड रेस्टोरेशन और अन्य निर्माण कार्यों में निर्धारित समयावधि तक तराई (क्युरिंग) नहीं की जा रही है, जिससे निर्माण की मजबूती प्रभावित हो रही है। जाधव ने आरोप लगाया कि कंपनी मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के तकनीकी परिपत्रों और निर्देशों का पालन नहीं कर रही है। शहर में अभी भी सैकड़ों मैनहोल चैंबर ऐसे हैं, जिनमें दोनों तरफ प्लास्टर नहीं किया गया है। सीसी रोड का स्थायी रेस्टोरेशन कार्य भी निर्धारित अवधि में नहीं हो रहा है, जिससे वाहनों के फंसने और यातायात जाम की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की आंखों में धूल झोंककर अनियमित निर्माण कार्य किया जा रहा है। क्लब रोड पर चल रहे निर्माण कार्य में पेयजल लाइन और सीवरेज लाइन के बीच केवल 6 इंच का अंतर है। इसके अलावा, पेयजल की पुरानी लाइन में दो जॉइंट हैं और यह लाइन चैंबर के अंदर से गुजर रही है, जो भविष्य में गंभीर समस्या पैदा कर सकती है।

Continue With Google
Comments (0)