बड़वानी-सीवरेज कार्य के बाद किया सीसी निर्माण उखड़ने लगा, उड़ने लगे डस्ट के गुबार
शहर के मध्य तुलसीदास मार्ग के रहवासी-व्यापारियों के सामने नई परेशानी

बड़वानी :-अमूमन शहर में सीवरेज कार्य के बाद दुरुस्ती काम नहीं होने की समस्या बनी हुई, लेकिन एक मार्ग पर सीवरेज लाइन, चैंबर बनाने के बाद पूरे मार्ग पर सीमेंटीकरण तो कर दिया हैं, लेकिन आवागमन शुरु होते ही गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे है। यह स्थिति तुलसीदास मार्ग पर देखने को मिल रही है। यहां सीवरेज कंपनी ने पूरे मार्ग पर रिपेयर काम कर दिया हैं। अब वाहनों के आवागमन होने से सड़क की परत उखड़ने लगी हैं और दिन-रात सीमेंटीकरण के गुबार उड़ने लगे है। धूल व सीमेंट के गुबार से बचाव के लिए कई लोग घर-दुकानों के सामने पानी का छिड़काव कर रहे हैं। दुकानदारों ने कहा कि बीते माह से यहां मार्ग खोदने व दुरुस्ती काम चलने से समस्या झेली। कंपनी ने पूरी सड़क पर रिपेयर काम किया, लेकिन सीसी रोड की परत उखड़ने से गुबार के रुप में सीमेंट उड़ रही है। सपाट सड़क से तेज रफ्तार वाहनों के गुजरने पर घर-दुकानों पर परत जमने लगी है। दुकानदारों व नागरिकों ने मांग की हैं कि नगर पालिका ने प्राथमिक रुप से सीमेंटीकरण मार्ग की धुलाई करना चाहिए और उसके बाद डामरीकरण किया जाना चाहिए। ताकि डस्ट के गुबार से राहत मिल सके ।