सीहोर जिले में बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस का विरोध, कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा

सीहोर (रिपोर्टर बसीम उददीन): सीहोर जिले में हो रही घोषित-अघोषित विद्युत कटौती के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर रवींद्र परमार को कलेक्टर के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में पंकज शर्मा ने बिजली कंपनी द्वारा जिले में की जा रही मनमानी बिजली कटौती का विरोध किया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बारह घंटे से अधिक बिजली काटी जा रही है, जबकि शहरी क्षेत्रों में भी जलप्रदाय के समय बिजली कटौती हो रही है। इस भीषण गर्मी में जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, विशेषकर जलप्रदाय के समय बिजली कटौती से जलसंकट की स्थिति और गंभीर हो जाती है।

पंकज शर्मा ने कहा कि बिजली कंपनी ने हाल ही में शहर और ग्रामीण इलाकों में स्मार्ट मीटर लगाए, लेकिन जनता को स्मार्ट मीटर की नहीं, बल्कि स्मार्ट बिजली सप्लाई की जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्री मानसून और पोस्ट मानसून मेंटेनेंस के नाम पर बिजली काटी जाती है, लेकिन थोड़ी सी हवा और बारिश में भी बिजली कट जाती है।

पंकज शर्मा ने अंत में मांग की कि कलेक्टर बिजली कंपनी के अधिकारियों को निर्देश दें कि इस घोषित-अघोषित बिजली कटौती को तत्काल बंद किया जाए। इस भीषण गर्मी और जलसंकट के दौर में जिले की शहरी और ग्रामीण जनता को राहत मिलनी चाहिए।