भोली-भाली महिलाओं को झांसे में लेकर ठगी करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार

गुना: शरीर में देवता आने और गृह शुद्धि के नाम पर भोली-भाली महिलाओं को ठगने वाले एक शातिर बदमाश को गुना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह आरोपी बीनागंज से लेकर कुम्भराज, राघौगढ़, व्यावरा और शिवपुरी में इस प्रकार की कई वारदातें कर चुका है।

गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका के कुशल नेतृत्व में जिले में ठगी और धोखाधड़ी जैसे आर्थिक अपराधों पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर और एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में चांचौड़ा थाना पुलिस ने इस मामले में बड़ी सफलता प्राप्त की है।

मामले का विवरण

  • दिनांक 14 अप्रैल 2026 को चाचौड़ा थाने में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि एक अज्ञात व्यक्ति, जिसने स्वयं को रिश्तेदार बताया, उनके घर आया और पूजा-पाठ के नाम पर उनके सोने के आभूषण ले गया।
  • पुलिस ने अप.क्र. 94/26 धारा 319(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

गहन जांच और गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बीनागंज, राघौगढ़, आरोन, और व्यावरा सहित विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसके परिणामस्वरूप, आरोपी की पहचान राजू उर्फ दीपक पुत्र बीरेन्द्र विश्वकर्मा के रूप में हुई।

आरोपी से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने बीनागंज में 2, कुम्भराज में 2, व्यावरा में 1, राघौगढ़ में 1 और शिवपुरी में 1 वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने का मंगलसूत्र, बालियां और वारदात में प्रयुक्त जुपिटर स्कूटी भी बरामद की है।

सतर्कता की अपील

गुना पुलिस की आम नागरिकों से अपील है कि अज्ञात व्यक्तियों पर बिना सत्यापन विश्वास न करें, और किसी भी प्रकार के झांसे या अंधविश्वास में न आएं। संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

यह कार्रवाही गुना पुलिस की सतर्कता और प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस उल्लेखनीय कार्यवाही में चांचौड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज राणा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।